THANK YOU FOR VISITING

THANK YOU FOR VISITING

Friday, July 25, 2025

कपाली शिव शंकर

डडम डम डडम डडम डम डडम
डडम डम डडम डम डम डम 
हर हर शंकर हरते तम 
डडम डम डडम डडम डम डडम
डडम डम डडम डम डम डम
 
जय गिरिजापति दीन दयाला,
हाथ पिनाक भुजंग की माला।
शशि शीतल मस्तक पर सोहे,
भस्म रमा तन मन को मोहे।।

गौर वर्ण और छवि निराली,
जय भूतेश्वर जय हो कपाली।
डम डम डमरू ध्वनि सुनाए,
नाद नाद प्रभु महिमा गाए।।

अखिल विश्व के नायक तुम हो,
दुःख नाशक सुख दायक तुम हो।
तांडव तेरा नृत्य मन भावन,
धन्य धरा को करते पावन।।

दमन किए शत्रुन् के दल को,
वेद बखाने तुम्हरे बल को।
हरि चिंतन में खोए रहते,
राम राम अंतर्मन में कहते।।

सारे जग तारक तुम हो,
पालक हरि संहारक तुम हो।
सृष्टि रथ की डोर सम्हाले,
अद्भुत हो बाघाम्बर वाले।।
          – अमित पाठक शाकद्वीपी 

Monday, July 21, 2025

शिव ध्यान

कण्ठे यस्य विराजते हि गरलं शीर्षे च मन्दाकिनी
वामाङ्गे गिरिजाननं कटितटे शार्दूल चर्माम्बरम्।।
माया यस्य रुणद्धि विश्वमखिलं तस्मै नमः शम्भवे
जम्बुवज्जल विन्दुवज्जल जव ज्जम्  बालव ज्जालवत्।।

कण्ठे यस्य विराजते हि गरलं , गंगाजलम् मस्तके ।
वामांगे गिरिराज राजतनया जाया भवानी स्थिता: ।।
नन्दी स्कन्द गणाधिनाथ सहित: केदारनाथ प्रभो ।
केदारांचल संस्थिता हि सतत् कुर्यात सदा मङ्गलम् ।।


Thursday, July 17, 2025

प्रेम पथिक की अभिलाषा –(स्वर्णिम दर्पण में प्रकाशित)

थी प्रेम पथिक की ये आशा 
कि फिर उनका दीदार हो
हो खड़े आमने सामने 
बाते भी दो चार हो

बीती बातें याद कर 
मुस्कुराएं हम दोनों
कुछ नया नवेला गढ़ने को
भी दोनो तैयार हो

थी प्रेम पथिक की अभिलाषा
कि फिर उनका दीदार हो

किस्मत का भी हो रुख
हमारे पक्ष में
सितारों की मेहरबानी से
खुशियों की बौछार हो 

थी प्रेम पथिक की अभिलाषा
कि फिर उनका दीदार हो

थामने को हाथ उनका 
ख्वाहिश कब से लिए बैठा हूं
दिल की ऐसी भी तमन्ना
पूरी इस बार हो
थी प्रेम पथिक की अभिलाषा
कि फिर उनका दीदार हो

– अमित पाठक शाकद्वीपी 

महाकाल मतवाला

सिर पे जटा और अंग विभूति,
शीश शशि अरु भांग की बूटी,
नेत्र धधकती ज्वाला,
वो महाकाल मतवाला।।

आन पड़ी जब विश्व पे संकट,
याद करें उन्हें देव दनुज नर,
तब पीए हलाहल प्याला,
वो महादेव मतवाला।।

पार्वती के संग विराजे,
हाथ डमरू पिनाक है साजे,
तन बाघाम्बर छाला,
वो आदिगुरु मतवाला।।

भूतन संग वो डेरा डाले,
डोर जगत की रहें संभाले,
रखें अद्भुत रूप निराला,
वो आदियोगी मतवाला।।

ध्यान धरूं बस महिमा गाऊँ,
पल पल प्रति पल शीश नवाऊँ,
कष्ट हरे जो सारा, 
देव वो भोला भाला।।

हर हर महादेव 

– अमित पाठक शाकद्वीपी 

Saturday, July 12, 2025

शूलपाणी

जय देव उमापति शिव शंकर,
हे महादेव प्रभु अभयंकर।
हो नाथ महेश सुरेश प्रभु,
जग जपता है शिव हर हर हर।।

हो घट घट के प्रभु तुम वासी,
हे शम्भु स्वयंभू अविनाशी।
हे शूलपाणी औघड़ दानी,
हे गिरिजापति हे कैलाशी।।

केदारेश्वर भूतेश्वर तुम,
पल पल समाधि में रहते गुम।
हो सौम्य कहीं, फिर रौद्र भी हो,
भोले भी हो कहीं क्रोध भी हो।।

कहीं आदियोगी और आदिगुरु,
तुम से ही सृष्टि होती शुरू।
काल से परे महाकाल हुए,
हरि सेवा को विकराल हुए।।

तुम आशा की परिभाषा से,
द्रवित हृदय की भाषा से।
तुम सा कौन हुआ ज्ञानी,
सबसे बढ़कर प्रभु तुम दानी।।

इस जग का अब उद्धार करो,
हम सब का बेड़ा पार करो।
अपने ही गण में रख लो कहीं,
अब अभिलाषा बस रही यही।।

काव्य रूप इस धार से, 
शिव का करूं अभिषेक,
भाव रूपी यह बेलपत्र,
अर्पण करूं अनेक।।

– अमित पाठक शाकद्वीपी 



अमित पाठक शाकद्वीपी

हूँ कौन और किस लिए धरा पर,
उस ईश्वर ने मुझे उतारा है।
उसकी मर्जी वो ही जाने,
सब उसका ही इशारा है।।

नाम समान ही अमित अथाह मैं, 
उग्र नदी का जल प्रवाह मैं।
लहरों सी आशाएं हरपल मन में रहूं समेटे,
विषधर जैसे डस लूं उनको, मुझसे गर कोई ऐंठे।।

धरती जैसी सहनशीलता, 
सूरज जैसा गुस्सा।
कभी कहीं मैं बिलकुल बुद्धू, 
अकल पड़ा ज्यों भूसा।।

रहूं अटल हिमवान सरिस, 
पर तृण पत्र सा डोलूं।
मित्रवत है नेह हमारा, 
सब से हस कर बोलूं ।।

कभी कहीं अकेले चल दूं,
फिर साथ किसी के हो लूं ।
बिना विचारे कुछ भी बक दूं,
जब जब मुख मैं खोलूं।।

लिए विजय विश्वास हृदय में,
सब से नाता जोडूं।
हर क्षण में मैं साथ निभाऊं,
हाथ कभी न छोड़ूं।।

अपने मुख से क्या ही सुनाऊं,
अपना मैं व्याख्यान।
सारी ही चीज़ों में प्रिय बस, 
अपना स्वाभिमान।।

अमित पाठक शाकद्वीपी 

जलेबी

मिठाइयों की मैं श्रीदेवी, 
नाम है मेरा श्रीमती जलेबी।
मीठे रस से भरी पड़ी हूँ,
सीधी नहीं मैं टेढ़ी बड़ी हूँ।।

कचौड़ी मेरी संगी साथी,
अक्सर उसके साथ मैं आती।
सुबह सबेरे भोग हमारा,
हर लेगा हर रोग तुम्हारा।।

फिर भी ध्यान से मुझको खाना,
बन जाना ना ज्यादा दीवाना।
राष्ट्रीय उपमा रखती हूँ,
गली गली में दिख सकती हूँ।।

पहले पहल अस्तित्व में आई,
पर अब खो गई हस्ती भाई।
लड्डू पेड़े खाजे गाजे,
इर्द गिर्द ही मेरे साजे।।

दूध कहीं, कहीं दही सहारा,
दोनों संग ही करूं गुजारा।
फिर भी मुझको भूल गए सब,
हाथ लगाते नहीं कोई अब।।

हूँ सस्ती पर कोई न खाए,
उस पल मुझको गुस्सा आए।
देखी तेरी अदा फरेबी,
अब न तुझको मिलूं कभी भी।।

पर्व और त्यौहार की रौनक,
मेले में गुलज़ार मैं बेशक।
कभी कभी तो मुझको खाओ,
स्वाद में मेरे तुम हर्षाओ।।

बन कर रहूंगी तेरी करीबी,
हाँ जी हाँ मैं वही जलेबी।

– अमित पाठक शाकद्वीपी 

Friday, July 11, 2025

मेरे शिव शंकर

शीश पे जिनके गंग विराजे,
गले सर्प की माला,
तन पर भस्म रमाए रहते,
अरु बाघाम्बर छाला।।

कानों में कुण्डल छलकाते,
मस्तक पर प्रभु चन्द्र सजाते,
पिए हालाहल प्याला,
अद्भुत रूप निराला ।।

डम डम डमरू नाद पुकारे,
शिव शिव शिव शिव नाम उच्चारे,
कष्ट हरे जो सारा,
उस शंभू का ही सहारा।।

नीलकंठ श्रीकण्ठ कहाते,
पशु पक्षी को अंक लगाते,
पार्वती को प्यारा,
नमन करे जग सारा।।

विपदा दूर करो प्रभु मन की,
पीड़ा हर लो सबके तन की,
देव बड़ा ये आला,
भोले फिरत रहे मतवाला।।

– अमित पाठक शाकद्वीपी 



व्याकुल सी जब राधिके

व्याकुल सी जब राधिके चाहे कुछ आराम,  सेज नहीं, न आसन भाये, चाहे केवल श्याम। कांधे पर जब शीश धरे, तब मन को हो विश्राम, प्रीत मीत ...